धामी के दिल्ली दौरे से कैबिनेट विस्तार की सुगबुगाहट तेज, लोकसभा चुनाव से पहले मिल सकते हैं दायित्व

लोकसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड में कैबिनेट विस्तार और दायित्व आवंटन की संभावना बढ़ गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित पार्टी के कई अन्य केंद्रीय नेताओं से मुलाकात की। हालांकि मुख्यमंत्री निवेशक सम्मेलन का न्योता देने के लिए नई दिल्ली गए हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस दौरान वह कैबिनेट विस्तार समेत कुछ और दायित्व बांटे जाने पर चर्चा कर सकते हैं।

सूत्रों के मुताबिक, पार्टी की इच्छा है कि लोकसभा चुनाव में जाने से पहले प्रदेश मंत्रिमंडल में खाली पड़े पदों को भर दिया जाए। वर्तमान में उत्तराखंड मंत्रिमंडल में चार पद खाली हैं। इनमें एक पद चंदन रामदास के निधन के बाद खाली हुआ था।

दायित्व आवंटन के मामले में भी कई भाजपा नेताओं की निगाहें मुख्यमंत्री पर लगी हैं। अभी भी प्रदेश सरकार के निगमों, बोर्डों और कुछ आयोगों में अध्यक्षों, उपाध्यक्षों व सदस्यों के पद खाली हैं। इन खाली पदों पर कई पार्टी नेताओं की नजरें हैं।

पार्टी का मानना है की कैबिनेट विस्तार और दायित्वों के आवंटन से पार्टी को मजबूती मिलेगी और यह भाजपा को लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने में मदद करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *