जनता की संपत्ति को वर्ग विशेष में बांटना चाहती है कांग्रेस: Uttarakhand CM Pushkar Singh Dhami

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कांग्रेस की विभाजनकारी सोच एक बार फिर उजागर हुई है।उसके नेता राहुल गांधी के सलाहकार सैम पित्रोदा ने कांग्रेस के मंसूबों को जनता के सामने रख दिया है। कांग्रेस जनता की संपत्ति का सर्वे कराना चाहती है और मेहनत से जोड़ी गई निजी संपत्ति का अधिग्रहण कर वोट बैंक और तुष्टिकरण के लिए वर्ग विशेष में बांटना चाहती है।

बुधवार को दिल्ली में एक समाचार चैनल के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा से ही एक वर्ग विशेष की राजनीति की है। यह लोकतंत्र का महापर्व है, जिसमें जनता सरकार को चुनती है। जनता को यह जानकारी होनी चाहिए कि जो पार्टी उनसे वोट मांग कर रही है, उसका भूतकाल, वर्तमान व भविष्य क्या है।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने जो वक्तव्य दिया था, कांग्रेस ने जो घोषणा पत्र जारी किया, उसकी भी जानकारी होनी चाहिए। अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उसी बात को दोहरा रहे हैं तो उसमें गलत क्या है। इस पर कांग्रेस क्यों बौखला रही है।

उत्तर प्रदेश से सीटों की उम्मीद के संबंध में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इस पद पर पहुंचाने में योगदान दिया था। इस बार तो भगवान राम का दिव्य व भव्य मंदिर बन गया है। उसी प्रकार से मथुरा भी सजने वाली है। इस बार बड़ी जीत होगी।

राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर लगाए आरोपों पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राहुल गांधी के बारे में वह जितनी बार अच्छा आंकलन करना चाहते हैं, वह हर बार उन्हें गलत साबित करते हैं। जब देश-विदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रसिद्धि बढ़ रही है तो राहुल गांधी के मन में प्रधानमंत्री मोदी के प्रति कटुता बढ़ रही है।

ऐसा लगता है कि उन्होंने केवल अपनी दादी की जीवनी पढ़ी है। इसलिए उन्हें तानाशाह वाली बात याद आती है। आपातकाल में जब देशवासियों को कड़ी यातना दी गई, वह था तानाशाही का समय। आज जब संविधान की बात होती है, देश को भ्रष्टाचार से मुक्त करने की बात होती है तो ये लोग कहने लगते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी तानाशाह हैं।

उत्तराखंड के कम मतदान के संबंध में उन्होंने कहा कि शुरू में ऐसा लगा था कि यह नकारात्मक हुआ है। जब बाद में अध्ययन हुआ तो पता चला कि प्रधानमंत्री व भाजपा तो जिताने वालों ने ही बाहर आकर मतदान किया है। विपक्ष के समर्थक मतदाता पहले से हार मानकर बाहर ही नहीं निकले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *