मूल निवास, भू कानून एवं क्षैतिज आरक्षण की मांग को लेकर राज्य आंदोलनकारियों ने सचिवालय कूच किया, लेकिन पुलिस ने हाथीबड़कला में प्रदर्शनकारियों को बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान आंदोलनकारियों की पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। प्रशासन ने आंदोलनकारियों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से वार्ता का आश्वासन दिया, जिस पर वह शांत हुए।रविवार को दिलाराम चौक पर बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी एकत्र हुए। यहां से प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री आवास के लिए निकले। आंदोलनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने हाथीबड़कला में बैरिकेडिंग लगा दी। इसके साथ ही भारी पुलिस बल भी तैनात कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की। लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक लिया।