पर्यटन के क्षेत्र में प्रदेश सरकार के प्रयास रंग ला रहे हैं। दो वर्ष पहले अर्थव्यवस्था में पर्यटन सेक्टर की भागीदारी 37 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 43.7 प्रतिशत हो गई है। अर्थव्यवस्था को पांच वर्ष में दोगुना करने का सरकार का संकल्प तेजी से आकार ले रहा है।
उत्तराखंड राज्य आगामी नौ नवंबर को 24 वर्ष पूरे करने जा रहा है। इस अवधि में विकास का पहिया तेजी से घूमा और अर्थव्यवस्था ने लंबी छलांग लगाई। अर्थव्यवस्था का आकार 24 गुना बढ़ गया, जबकि प्रति व्यक्ति आय में 17 गुना वृद्धि हुई है।
2000 में अर्थव्यवस्था का आकार था 14501 करोड़ रुपये
- राज्य के गठन के समय यानी वर्ष 2000 में अर्थव्यवस्था का आकार 14501 करोड़ रुपये था।
- वर्ष 2023-24 में यह बढ़कर 3.46 लाख करोड़ रुपये हो चुका है।
- इसमें पर्यटन क्षेत्र का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
- इसी प्रकार प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 2.60 लाख रुपये हो चुकी है। वर्ष 2000 में प्रति व्यक्ति आय 15,285 रुपये थी।
- पिछले दो वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो राज्य की प्रति व्यक्ति आय में 26 प्रतिशत वृद्धि हुई है।
- विकास कार्यों को गति मिलने से राज्य के बजट में भी 20 गुना वृद्धि हुई है।
- राज्य गठन के समय वर्ष 2000 में उत्तराखंड का बजट आकार लगभग 4500 करोड़ रुपये था।
- वर्ष 2024-25 में यह बढ़कर 94 हजार करोड़ से अधिक हो गया।
- इसमें 89230.07 करोड़ रुपये आम बजट और 5013.05 करोड़ रुपये अनुपूरक बजट की राशि सम्मिलित है।