हरिद्वार हत्याकांड: आरोपी के पीछे जाती दिखी मासूम, नाबालिग के पिता से हुआ था झगड़ा

बीते दिन हरिद्वार नगर कोतवाली क्षेत्र में हुई चार साल की मासूम की हत्या से पूर्व का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति रेलवे लाइन पर जाता दिखाई दे रहा है, जिसे पुलिस आरोपी मान रही है और बच्ची उसके पीछे जाती हुई दिखाई दे रही है. सीसीटीवी कैमरे में दिख रहा है कि रेलवे ट्रैक पर चलते हुए बच्ची को काफी परेशानी भी हो रही है. रेलवे ट्रैक के समीप ही रेलवे सुरंग भी है और इसी सुरंग से बीते दिन बच्ची का शव मिला था. हालांकि अभी तक आरोपी पकड़ा नहीं गया है, लेकिन पुलिस आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है. पुलिस आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा करने की बात कह रही है.

बता दें कि चार साल की नाबालिग लड़की 13 मई से गड्डा पार्किंग रोड़ी बेलवाला झोपड़ी से लापता थी. 15 मई को नाबालिग के पिता ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी और 16 मई को बच्ची के पिता ने स्वयं बच्ची के शव को खोजकर पुलिस को सूचना दी थी. जिसके बाद एसएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया था और पुलिस ने आरोपी सूरज की फोटो भी जारी की है, सूरज बच्ची के परिवार के साथ ही रहता था.सामने आया था कि उनका एक परिचित सूरज उर्फ गंजू उर्फ दड़ियल ही मासूम को अपने साथ ले गया था, उसी ने ही गला घोंटकर उसकी हत्या की है.

प्रारंभिक तौर पर मासूम के साथ दरिंदगी होने का अंदेशा जताया जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि नहीं हुई है.पुलिस कातिल की तलाश में उत्तर प्रदेश के कासगंज के लिए रवाना हो गई है. आरोपी कासगंज का रहने वाला बताया जा रहा और पिछले 10 साल से हरिद्वार में रह रहा था और कबाड़ बीनने का काम करता था. मृतक मासूम के परिजन भी कबाड़ बीनने का कार्य करते हैं. लिहाजा आरोपी का अधिकांश समय उन्हीं के साथ बीतता था.बताया जा रहा है कि गंजू का घटना वाले दिन मृतका के पिता से विवाद हुआ था, संभवत इसी का बदला लेने के चलते आरोपी ने मासूम की हत्या कर दी. मनसा देवी टनल के पास सीसीटीवी कैमरे में नाबालिग रेलवे लाइन पर हंसते खेलते आरोपी के पीछे जाती दिखाई दे रही है.यह वीडियो पुलिस को जांच के दौरान मिला है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *