उत्तराखंड स्थापना दिवस-9 नवंबर पर होने वाले मुख्य समारोह की मुख्य अतिथि इस बार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु होंगी। राज्य स्थापना दिवस का मुख्य समारोह रेसकोर्स स्थित पुलिस लाइन में पूर्वाह्न पौने दस बजे से शुरू होगा। राष्ट्रपति परेड की सलामी लेने के बाद संबोधित भी करेंगी।
यह पहली बार है जब समारोह में कोई राष्ट्रपति राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने बताया कि राष्ट्रपति से समारोह में शामिल होने का आग्रह किया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है।
मुर्मु आठ नवंबर को पंतनगर पहुंचेंगी और वहां गोविंद बल्लभ पंत विवि के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इसके बाद वे जौलीग्रांट हिमालयन विवि और फिर केंद्रीय गढ़वाल विवि श्रीनगर के दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगी। शाम को वे जीटीसी हैलीपेड आएंगी और रात्रि विश्राम राजभवन में करेंगी। अगले दिन राज्य स्थापना दिवस समारोह में हिस्सा लेने के बाद दिल्ली रवाना होंगी।