राजाजी टाइगर रिजर्व के रिजर्व फॉरेस्ट में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री के बेटे की शादी विवादों में आ गई. हरिद्वार रेंज स्थित सुरेश्वरी देवी मंदिर में शादी के बड़े स्तर पर आयोजन को लेकर विवाद खड़ा हुआ. शनिवार को आयोजन की भव्य तैयारियां की गई थी और पंडाल, स्टेज, कूलर और जेनरेटर इत्यादि लगाए गए थे. परमिशन को लेकर मामले ने तूल पकड़ा तो आनन फानन में पंडाल समेत सारा सामान हटाया गया और पार्क प्रशासन की ओर से मंदिर समिति के पदाधिकारियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया.
मंत्री खजान दास ने आरोप प्रत्यारोप को राजनीतिक साजिश बताया और कहा कि, यह दुखद और चिंताजनक विषय है. वो वन नियमों के बारे में सब जानते हैं कि वन्यजीवों को किसी प्रकार की परेशानी न हो. यदि वन निदेशक उन्हें पहले ही बता देते तो वो कहीं और शादी का आयोजन कर लेते.
इस मामले के सामने आने के तुरंत बाद प्रिंसिपल चीफ कंजरवेटर ऑफ फॉरेस्ट (हॉफ) रंजन कुमार मिश्र का बयान भी सामने आया था.
गौर हो कि मामले के तूल पकड़ते ही राजाजी टाइगर रिजर्व प्रशासन द्वारा पंडाल हटा लिया गया और अन्य सारा सामान भी नहीं लगाया गया. अब केवल मंदिर परिसर में मंडप में सात फेरे, पूजन और भंडारे का आयोजन होगा. हालांकि पार्क प्रशासन ने रविवार सुबह गेट बंद कर दिए थे, जिसके चलते श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा. दोपहर करीब 12 बजे फिर से पार्क के गेट खोले गए और श्रद्धालुओं ने मंदिर में जाकर पूजा अर्चना की.