उत्तराखंड में होने वाले 38वें राष्ट्रीय खेलों में 3,674 पदकों के लिए देश के 9,520 खिलाड़ी मैदान में दमखम दिखाते नजर आएंगे। राष्ट्रीय खेलों में इस बार 1120 स्वर्ण, 1120 रजत और 1434 कांस्य पदक के लिए खिलाड़ियों के बीच खेल संग्राम होगा।28 जनवरी से 14 फरवरी तक राज्य के आठ जनपदों में 33 मेडल गेम्स की 43 खेल विधाओं में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते नजर आयेंगे। विभिन्न राज्यों के 4,902 पुरुष और 4,618 महिला खिलाड़ी पदक के लिए जी जान लगाते नजर आएंगे।
आठ जिलों में होंगे खेल
देहरादून जनपद में 15, हरिद्वार में चार, टिहरी में सात, ऊधम सिंह नगर में छह, नैनीताल में आठ, चंपावत, अल्मोड़ा व पिथौरागढ़ में एक-एक खेल विधायें आयोजित होंगी। देहरादून में जूडो, रग्बी-7, लान बाल, एथलेटिक्स, वेटलिफ्टिंग, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, टेनिस, स्क्वाश, तीरंदाजी, शूटिंग (पिस्टल एंड राइफल), बास्केटबाल, जिम्नास्टिक, नेटबाल और वुशु में विभिन्न राज्यों के 2,269 पुरुष और 2,271 महिला खिलाड़ी पदकों के लिए जूझते नजर आएंगे।
हाकी, कबड्डी और कुश्ती में 468 पुरुष और 372 महिला खिलाड़ी दिखाएंगे दम
हरिद्वार में होने वाली हाकी, कबड्डी और कुश्ती में 468 पुरुष और 372 महिला खिलाड़ी दम दिखाएंगे। ऊधम सिंह नगर में साइकिलिंग ट्रेक, साइकिलिंग रोड, हैंडबाल, वालीबाल और मलखंभ में 420 पुरुष और 420 महिला खिलाड़ी दम दिखायेंगे। नैनीताल में साइकिलिंग एमटीबी में 48 पुरुष और 48 महिला खिलाड़ी, नैनीताल जिले के हल्द्वानी में फुटबाल, खो-खो, ताइक्वांडो, माडर्न पैंटाथलान, स्विमिंग, फेंसिंग और ट्रायथलान में 1,077 पुरुष और 1,023 महिला खिलाड़ी पदकों के लिए भिड़ेंगे।
ऋषिकेश टिहरी में एक्सट्रीम सलालम, कैनोई सलालम, बीच हैंडबाल, बीच वालीबाल, बीच कबड्डी में 176 पुरुष और 176 महिला खिलाड़ी खेल का हुनर दिखाएंगे। नई टिहरी में कयाकिंग एवं कोनोइंग, रोइंग और योगासन में 136 पुरुष और 136 महिला खिलाड़ी पानी की लहरों में प्रतिभा दिखाएंगे।
अल्मोड़ा में योगासन में 136 पुरुष और 136 महिला, पिथौरागढ़ में बाक्सिंग में 112 पुरुष और 96 महिला, चंपावत में राफ्टिंग में 60 पुरुष और 76 महिला खिलाड़ी पदकों के लिए दमखम दिखाएंगे। इस संबंध में खेल निदेशक प्रशांत आर्या ने बताया कि राष्ट्रीय खेलों के लिए आयोजन स्थलों को इवेंट मैनेजर्स को सौंप दिया गया है। जल्द ही सभी आयोजन स्थल राष्ट्रीय खेलों के लिए तैयार नजर आएंगे।